Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची शहर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही पेट्रोल पंप और दुकानों में लूटपाट की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डोरंडा, पुंदाग, ओरमांझी, बीआईटी मेसरा और टाटीसिलवे थाना क्षेत्रों में हुई इन वारदातों की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी, जिसने अब तक कुल 11 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग पेट्रोल पंप और दुकानों में हुई लूट की घटनाओं में विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी टीम बनाई गई थी।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ में अवैध कोयला कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी मोहम्मद तल्हा गिरफ्तार
29 मार्च को पहले ही 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। पूछताछ के दौरान अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी कड़ी में 1 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी मोहम्मद तल्हा शहर छोड़कर भागने की योजना बना रहा है। नेवरी गोलचक्कर के पास छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान तल्हा के पास से एक मोबाइल फोन, 4,500 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, यही स्कूटी और मोबाइल फोन वारदातों में इस्तेमाल किए गए थे।
कई वारदातों में संलिप्तता की पुष्टि
पूछताछ में मोहम्मद तल्हा ने कबूल किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के कई इलाकों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसमें पुंदाग के साहू चौक, बीआईटी मेसरा, टाटीसिलवे, डोरंडा और ओरमांझी के पेट्रोल पंप और दुकानों में वारदात शामिल है। उसने एक दुकानदार पर चाकू से हमला करने की घटना में भी भागीदारी स्वीकार की। मोहम्मद तल्हा का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। लोअर बाजार थाना में उसके खिलाफ मारपीट, धमकी और पॉक्सो एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
बाकी गिरोह की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post