JEE Main में फर्जीवाड़ा: राधा गोविंद यूनिवर्सिटी सेंटर रद्द, अब रांची में होगी परीक्षा

Meenu | April 2, 2026 | 01:29 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ :जेईई मेन परीक्षा में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े के मामले के बाद बड़ा फैसला लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी से जुड़े परीक्षा प्रबंधन ने रामगढ़ स्थित राधा गोविंद यूनिवर्सिटी के परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया है। अब 2 से 8 अप्रैल के बीच होने वाली परीक्षा इस सेंटर पर आयोजित नहीं होगी। परीक्षार्थियों को अब रांची के टुपुदाना सहित अन्य निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा देनी होगी। छात्रों को इस बदलाव की सूचना ऑनलाइन माध्यम से भेज दी गई है। मामला सामने आने के बाद रामगढ़ प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने यूनिवर्सिटी को ईमेल भेजकर सेंटर रद्द करने की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें :पाकुड़ में अवैध कोयला कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार

कंप्यूटर से छेड़छाड़ का मामला

इस मामले में कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़ को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारी फौजान अहमद को सौंपी गई है। जांच एजेंसियों ने NTA और TCS से भी सहयोग मांगा है और परीक्षा संचालन से जुड़े सभी कर्मचारियों का ब्योरा तलब किया है।

70 कंप्यूटर जब्त, 3 गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 कंप्यूटर सेट जब्त किए, 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में यूनिवर्सिटी कर्मी दिनेश कुमार महतो, TCS से जुड़े सुरेश कुमार सिंह और साकिर शामिल हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही उन्होंने खुद पुलिस और प्रशासन को सूचित किया था। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है। बताया जा रहा है कि जिले के एसपी अजय कुमार खुद इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें