देवघर में कार एसेसरीज शॉप की आड़ में नशे का कारोबार, ब्राउन शुगर के साथ एक गिरफ्तार

Rupa Kumari | April 1, 2026 | 05:24 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। बाइपास रोड स्थित एक कार एसेसरीज दुकान में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की 14 पुड़िया बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अर्जुन महथा को गिरफ्तार किया है, जो पुनसिया नावाडीह का निवासी बताया जा रहा है। वहीं उसके तीन सहयोगी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

दुकान की आड़ में चल रहा था धंधा

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से कार एसेसरीज की दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों का कारोबार चला रहा था। स्थानीय लोगों ने भी पहले इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से “कार सेंटर” नामक दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान बरामद संदिग्ध पदार्थ की पुष्टि ब्राउन शुगर के रूप में हुई।

यह भी पढ़ें: विष्णुगढ़ हत्याकांड: डीजीपी करेंगी जांच की समीक्षा, हजारीबाग पहुंचीं

प्राथमिकी दर्ज, तलाश जारी

अजय कुमार सिंह के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के अलावा तीन अन्य लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें एक नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया का निवासी, दो रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा के निवासी शामिल हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें