Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: हजारीबाग के विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची की नृशंस हत्या मामले ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड की डीजीपी हजारीबाग पहुंच चुकी हैं और जांच की उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगी। डीजीपी इस मामले को लेकर बोकारो जोन के आइजी सुनील भास्कर, हजारीबाग प्रमंडल के डीआईजी अंजनी झा, एसपी अंजनी अंजन और अन्य जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर केस की प्रगति की समीक्षा करेंगी।
गला दबाकर की गई हत्या
अब तक की जांच में सामने आया है कि बच्ची की हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या घटनास्थल पर ही हुई या कहीं और कर शव को वहां लाकर फेंका गया। पुलिस को उस स्थान के आसपास खून के निशान मिलने की सूचना मिली है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। इससे जांच को नई दिशा मिल सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हत्या से पहले दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई, शरीर के अंग काटे जाने की भी पुष्टि नहीं हालांकि, पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक जांच कराने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें: राउरकेला में महिला नक्सली ने किया आत्मसमर्पण, झारखंड की 19 वर्षीय मोंगदी होनहागा मुख्यधारा में लौटी
12 लोग हिरासत में, मां पर भी शक
अब तक पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें बच्ची की मां भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, मां जांच में सहयोग नहीं कर रही है और बार-बार बयान बदल रही है, जिससे पुलिस का शक उस पर गहराता जा रहा है। इस संवेदनशील मामले में डीजीपी की सीधे निगरानी से साफ है कि पुलिस हर पहलू से जांच को आगे बढ़ा रही है। आने वाले दिनों में इस केस में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।