गिरिडीह में दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटी गाड़ी, एक की मौत, चार घायल

Rupa Kumari | April 1, 2026 | 11:32 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह जिले के पंचम्बा इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग घोरथम्बा में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान पंचम्बा के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई।

डर में बढ़ाई रफ्तार, हुआ बड़ा हादसा

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पीछे से आ रही एक संदिग्ध गाड़ी लगातार आगे-पीछे कर रही थी। सवार लोगों को छिनतई की आशंका हुई, जिसके कारण चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। लेकिन तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पहले डिवाइडर से टकराई, फिर पलटकर बिजली के पोल से जा भिड़ी।

यह भी पढ़ें: चाईबासा में हाथियों का आतंक: सो रहे पुजारी को उठाकर पटक दिया, 3 महीने में 25 मौतें

एक की मौके पर मौत

इस हादसे में नवादा (बिहार) निवासी समीर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सद्दाब, तौफिक, सब्बीर और एक अन्य समीर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल भेजा। वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

परिजनों में मचा कोहराम

मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंच चुके हैं, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर लापरवाही के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।

Share this news

संबंधित खबरें