Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :खूंटी जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अड़की थाना क्षेत्र के नौढ़ी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये मूल्य की अफीम (डोडा) बरामद की है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।
यह भी पढ़ें :रांची में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग और पत्थरबाजी से इलाके में दहशत
21 बोरा में मिला डोडा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर की घेराबंदी कर तलाशी ली। मौके पर मौजूद आरोपी अंकित हजाम उर्फ साजू ठाकुर (28) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने भाई के साथ मिलकर अवैध कारोबार की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घर से 21 बोरा में कुल 330.21 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 49.53 लाख रुपये आंकी गई है। पहले आरोपी की जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके भाई लालू हजाम (31) को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर NDPS Act 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जांच जारी
पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Reporter | Samachar Post