- पुलिस और प्रशासन ने जिला स्तर पर संयुक्त ऑपरेशन कर माफिया नेटवर्क को झटका दिया; पूरे इलाके को बनाया गया पुलिस छावनी
Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: रामगढ़ जिले में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन, वन विभाग और सीसीएल की संयुक्त टीम ने मिलकर पूरे अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने का प्रयास किया।
गुप्त सूचना से शुरू हुई कार्रवाई
केदला नंबर-06 स्थित झारखंड ओसीपी क्षेत्र में रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध खनन और कोयला तस्करी की खबर मिली। वेस्ट बोकारो थाना प्रभारी दीपक कुमार को गुप्त सूचना मिली और इसके बाद उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई।जिला स्तरीय खनन टास्कफोर्स की बैठक में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर योजना अंतिम रूप दी गई। अवैध खनन के मुख्य मुहाने पर 25 ड्रिल होल किए गए और लगभग 1250 किलो विस्फोटक भरकर कंट्रोल ब्लास्टिंग की गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि सालों से चल रहा अवैध खनन का गढ़ मलबे में बदल गया।
यह भी पढ़ें: रांची में डबल लूट: दो पेट्रोल पंपों को बदमाशों ने बनाया निशाना
माफिया नेटवर्क पर बड़ा झटका
धमाके के बाद अवैध खनन का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया। इस कार्रवाई को माफिया नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि अवैध खनन और तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून तोड़ने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सिर्फ एक स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे अवैध नेटवर्क को खत्म करने की शुरुआत है। आने वाले दिनों में ऐसे ही कड़े कदम उठाए जाएंगे, ताकि रामगढ़ में अवैध खनन पूरी तरह समाप्त हो।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।