Samachar Post डेस्क,आसनसोल :आसनसोल रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए RPF ने एक ट्रेन के डिब्बे से करीब 600 नन्हे तोतों को बरामद किया। सभी पक्षियों की उम्र 15 से 25 दिन के बीच बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीव तस्करी के संगठित नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 11 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खड़ी ट्रेन की तलाशी के दौरान RPF को संदिग्ध हालात में ये तोते मिले। तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर रेंज के फॉरेस्ट रेंजर विश्वजीत शिकदार की टीम मौके पर पहुंची और सभी पक्षियों को सुरक्षित रूप से रूपनारायणपुर लाया गया। रात करीब 2 बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हुआ, जिसके बाद इन नन्हे पक्षियों की देखभाल शुरू की गई। इतनी बड़ी संख्या में बेहद छोटे तोतों की देखभाल वन विभाग के लिए चुनौती बन गई। टीम ने पूरी रात जागकर उन्हें खाना-पानी दिया और सुरक्षित रखा। सुबह होते ही सभी पक्षियों को सुरक्षित रूप से चिड़ियाघर में स्थानांतरित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें :रांची में बिजली ग्रिड से बड़ी चोरी, ट्रांसफार्मर से 1000 किलो कॉपर कॉइल गायब
संगठित तस्करी का शक
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इन तोतों को जंगल से नहीं, बल्कि किसी गुप्त स्थान पर ब्रीडिंग कर तैयार किया गया था। वन अधिकारियों के अनुसार, तोतों की अवैध तस्करी एक गंभीर अपराध है और शौक के नाम पर इस तरह का कारोबार तेजी से फैल रहा है।
तस्कर फरार, जांच जारी
इतनी बड़ी बरामदगी के बावजूद अब तक किसी तस्कर की पहचान नहीं हो सकी है। RPF और वन विभाग मिलकर पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने RPF और वन विभाग की तत्परता की सराहना की है, जिससे सैकड़ों नन्हे पक्षियों की जान बचाई जा सकी।
Reporter | Samachar Post