Samachar Post डेस्क, रांची: मध्य पूर्व में जारी युद्ध लगातार गंभीर होता जा रहा है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष का आज आठवां दिन है। इस बीच अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने दावा किया है कि शनिवार रात ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जा सकता है। अमेरिका के मुताबिक इस हमले का उद्देश्य ईरान के मिसाइल लॉन्चर और सैन्य फैक्ट्रियों को भारी नुकसान पहुंचाना है, ताकि उसकी मिसाइल क्षमता को काफी हद तक कमजोर किया जा सके।
तेहरान एयरपोर्ट पर इजराइल का हमला
शुक्रवार देर रात इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर हवाई हमला किया। हमले के बाद एयरपोर्ट परिसर में आग और धुएं का गुबार उठता देखा गया।
यह भी पढ़ें: धनबाद रेलवे डिवीजन: रिश्वत लेते इंजीनियर पर CBI का छापा, 50 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार
रूस दे रहा ईरान को खुफिया मदद
रिपोर्ट्स के अनुसार रूस इस संघर्ष में ईरान को खुफिया सहायता दे रहा है। बताया जा रहा है कि मॉस्को ने ईरान को मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी युद्धपोतों और विमानों की लोकेशन से जुड़ी जानकारी दी, जिससे ईरान अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने में सक्षम हो रहा है।
यमन में विरोध प्रदर्शन
की राजधानी सना में हूती समर्थकों ने ईरान और लेबनान के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अमेरिका और इजराइल के झंडे जलाकर विरोध जताया गया।
ईरान का युद्धपोत भारत में
ईरान का युद्धपोत IRIS लावन फिलहाल कोच्चि के बंदरगाह पर रुका हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार जहाज को तकनीकी सहायता की जरूरत थी, जिसके बाद भारत ने 1 मार्च को डॉकिंग की अनुमति दी और 4 मार्च को जहाज कोच्चि पहुंचा। जहाज के 183 क्रू सदस्य फिलहाल भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं। यह युद्धपोत हाल ही में भारत में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 2026 और MILAN 2026 अभ्यास में भी शामिल हुआ था।
हमलों से भारी नुकसान
अमेरिकी स्रोतों के अनुसार अमेरिका, इजराइल को करीब 151.8 मिलियन डॉलर के हथियार उपलब्ध कराने जा रहा है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अब तक ईरान में 1300 से अधिक हमले हो चुके हैं और लगभग 1332 लोगों की मौत हुई है। इन हमलों में 14 मेडिकल सेंटर भी प्रभावित हुए हैं, जिससे कई इलाकों में पानी और बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है। दावा किया जा रहा है कि इन हमलों में ईरान के करीब 300 मिसाइल लॉन्चर नष्ट हो चुके हैं। वहीं ईरान का कहना है कि उसने कुवैत, बहरीन और यूएई में मौजूद करीब 20 अमेरिकी सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाया है।
दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानों में बाधा
इधर दुबई एयरपोर्ट पर भी उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के मुताबिक कई उड़ानों को एयरपोर्ट के ऊपर होल्डिंग पैटर्न में चक्कर लगाना पड़ा। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे से मामूली घटना हुई, लेकिन स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।