Samachar Post रिपोर्टर, रांची: लोअर वर्धमान कंपाउंड स्थित मां बयासी बॉयज हॉस्टल में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। बुधवार (22 अप्रैल) सुबह करीब 11 बजे एक शातिर बदमाश हॉस्टल में घुसा और कमरे से लैपटॉप व स्मार्टफोन चुरा कर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है।
दो छात्रों के कमरे को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक हॉस्टल में रहने वाले अमन इकबाल और रवि सिंह के कमरे को निशाना बनाया गया। चोर अमन इकबाल का मोबाइल फोन और रवि सिंह का लैपटॉप लेकर फरार हो गया। फुटेज में आरोपी को हॉस्टल में प्रवेश करते और बाहर निकलते समय हाथ में लैपटॉप लिए देखा गया है।
यह भी पढ़ें: JAC 10वीं रिजल्ट 2026 जारी: लड़कियों का जलवा, प्रियांशु कुमारी बनीं टॉपर
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में पर्याप्त सुरक्षा नहीं है और न ही कोई गार्ड तैनात है। इससे पहले भी बाइक, फोन और लैपटॉप चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
लालपुर थाना में दर्ज हुई FIR
मामले को लेकर लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित अमन इकबाल ने हॉस्टल में रहने वाले कुछ लोगों पर भी संदेह जताया है, जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।