Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोहरदगा के तीन अनाथ बच्चों की मदद के लिए पहल की है। सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल के सोशल मीडिया पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए सीएम ने जिला प्रशासन को तत्काल सहायता देने का निर्देश दिया है। यह बच्चे कैरो प्रखंड के डुमरटोली गांव के रहने वाले हैं, जिनके माता-पिता के निधन के बाद उनकी स्थिति बेहद कठिन हो गई थी।
यह भी पढ़ें :JAC 10वीं रिजल्ट 2026 जारी: लड़कियों का जलवा, प्रियांशु कुमारी बनीं टॉपर
DC को हर संभव मदद सुनिश्चित करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने लोहरदगा उपायुक्त को निर्देश देते हुए कहा है कि मामले की जांच कर बच्चों धीरज और उसके भाई-बहनों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने शिक्षा समेत सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।
सोशल मीडिया पोस्ट से सामने आई थी स्थिति
सामाजिक कार्यकर्ता ब्यूटी मंडल ने अपने पोस्ट में इन बच्चों की स्थिति को सामने लाते हुए बताया था कि माता-पिता के निधन के बाद वे बेहद कठिन हालात में जीवन जी रहे हैं। पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील की गई थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई हुई।
बच्चों के जीवन में जगी उम्मीद
सीएम के हस्तक्षेप के बाद अब इन बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। स्थानीय स्तर पर भी इस पहल की सराहना की जा रही है, क्योंकि इससे जरूरतमंद बच्चों को समय पर मदद मिलने की उम्मीद जगी है।
Reporter | Samachar Post