Samachar Post डेस्क, रांची :दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की निर्मम हत्या ने सनसनी फैला दी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी नौकर राहुल मीणा को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आई जानकारी ने इस वारदात को और भी भयावह बना दिया है, जिससे पता चलता है कि हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब युवती घर में अकेली थी। आरोपी को परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। CCTV फुटेज के अनुसार, वह सुबह 6:39 बजे घर में दाखिल हुआ और करीब 41 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर 7:20 बजे फरार हो गया। घर की चाबियों की जानकारी होने के कारण उसने आसानी से प्रवेश किया।
यह भी पढ़ें :गढ़वा सदर अस्पताल में डीसी का औचक निरीक्षण, कई खामियां उजागर
अलवर से दिल्ली तक ‘एम्बुलेंस प्लान’
जांच में सामने आया कि आरोपी दिल्ली आने से एक दिन पहले Alwar में एक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे चुका था। पुलिस से बचने के लिए उसने पहले अपना मोबाइल 10 हजार रुपये में बेच दिया, ताकि लोकेशन ट्रैक न हो सके। इसके बाद उसने 6 हजार रुपये में एम्बुलेंस बुक कर राजस्थान से दिल्ली तक का सफर तय किया। दिल्ली पहुंचने के बाद वह एम्बुलेंस चालक को किराया दिए बिना ही फरार हो गया।
15 टीमों ने किया पीछा, होटल से गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलने पर युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने 15 टीमों का गठन कर दिल्ली और राजस्थान के कई इलाकों में छापेमारी की। लगातार पीछा करने के बाद आरोपी को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आईं बातें
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी को मोबाइल गेम्स की लत थी और वह अक्सर उधार लेकर पैसे नहीं लौटाता था। उसे करीब एक साल पहले सिफारिश के आधार पर नौकरी पर रखा गया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसका वेरिफिकेशन सही तरीके से हुआ था या नहीं।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की गहराई से जांच जारी है, ताकि पूरे घटनाक्रम और आरोपी के इरादों का पूरा खुलासा किया जा सके।
Reporter | Samachar Post