Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने देर रात सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिन पर डीसी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कोविड काल में बना भवन अब तक उपयोग में नहीं लाया गया है। वहीं, नया अस्पताल भवन तैयार होने के बावजूद हैंडओवर लंबित है। इस पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर भवन को जल्द चालू किया जाए।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन: 57 अपराधी गिरफ्तार, 69 मनचले PR बॉन्ड पर छोड़े गए
गंदगी और अव्यवस्था पर सख्ती
अस्पताल परिसर और किचन में गंदगी और अव्यवस्था देख डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक का भी जायजा लिया गया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। एक स्त्री रोग विशेषज्ञ के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही, अस्पताल परिसर में फैले मेडिकल वेस्ट को गंभीर लापरवाही मानते हुए डीसी ने बेहतर वेस्ट मैनेजमेंट लागू करने को कहा।
आवास और बिजली व्यवस्था सुधारने के आदेश
डॉक्टरों और स्टाफ के लिए बने आवासीय क्वार्टर का निरीक्षण करने पर हैंडओवर लंबित पाया गया, जिसे जल्द पूरा करने को कहा गया। इसके अलावा अस्पताल परिसर में जहां-जहां अंधेरा पाया गया, वहां बिजली व्यवस्था सुधारने, लाइट-पंखों को चालू रखने और मरम्मत कार्य तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए गए।
Reporter | Samachar Post