- अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, सड़क जाम कर वाहनों की आवाजाही रोकी
Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :झारखंड के सिमडेगा जिले के जलडेगा प्रखंड में भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर सिंह की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से नाराज स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलडेगा बंद का आह्वान कर दिया। गुरुवार सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए, जिससे इलाके में जनजीवन प्रभावित हो गया। कई बाजार बंद रहे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई।
सड़कों पर उतरे लोग, कई जगह जाम
सुबह होते ही जलडेगा की मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने कई जगह सड़क जाम कर वाहनों की आवाजाही रोक दी। इस दौरान लोग “दोषियों को सजा दो” और “स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारो” जैसे नारे लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते नजर आए। बंद का असर इतना व्यापक रहा कि लंबी दूरी की बसों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई। प्रदर्शन के दौरान गांगुटोली से रांची जा रही ‘यादगार’ बस को भी बंद समर्थकों ने रास्ते में रोक दिया। बस में सवार यात्रियों को काफी देर तक सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। सिर्फ बसें ही नहीं, बल्कि कई निजी वाहनों को भी आगे बढ़ने नहीं दिया गया। कई जगहों पर बाइक और कार सवारों को वापस लौटना पड़ा।
यह भी पढ़ें :7-9 मार्च के बीच झारखंड में बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार
परिजनों का आरोप- समय पर नहीं मिला इलाज
मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रामेश्वर सिंह को समय पर उचित इलाज नहीं मिल सका। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में आपातकालीन सुविधाओं की कमी थी और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने भी गंभीरता नहीं दिखाई। उनका दावा है कि अगर समय रहते बेहतर इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
प्रशासन अलर्ट, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है। जलडेगा के प्रमुख चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने और सड़क जाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि आंदोलनकारी फिलहाल अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
Reporter | Samachar Post