Samachar Post रिपोर्टर, रांची : ओडिशा के ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पारादीप शहर के बाहरी इलाके तारिणी गडा में एक युवती की दरिंदगी के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे चार मंजिला इमारत से धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, युवती 22 फरवरी को अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह सरला मंदिर जा रही है। हालांकि, वह अपने कथित प्रेमी सोमनाथ ओझा से मिलने पहुंची। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई, लेकिन आरोपी ने बात टाल दी। जांच में सामने आया है कि इसके बाद युवती को रहमा बाजार क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वहीं, झारखंड निवासी शुभम कुमार सिंह उसे बाइक पर बैठाकर पारादीप ले गया। पुलिस का आरोप है कि वहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया और बाद में चौथी मंजिल से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई। 23 फरवरी की सुबह युवती का शव बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें: पटना के जक्कनपुर में तीन मंजिला मकान में आग, 65 वर्षीय महिला की जलकर मौत
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में अभयचंदपुर थाना क्षेत्र के ढिंकिया निवासी 31 वर्षीय सोमनाथ ओझा और झारखंड के 24 वर्षीय शुभम कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकित वर्मा ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। 23 फरवरी को हिरासत में लेने के बाद 27 फरवरी को कोर्ट में पेश कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
घटना पर नवीन पटनायक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद सरकार ठोस कदम उठाने में विफल रही है।
महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।