Samachar Post डेस्क, रांची : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पारिवारिक विवाद ने सोमवार तड़के खूनी रूप ले लिया। बांसगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे की है। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी किशोर कथित तौर पर बड़े भाई के कमरे में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में बड़े भाई, उसकी पत्नी और तीन वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। कमरे में मौजूद नौ वर्षीय बच्ची ने पूरी घटना देख ली और चीखते हुए बाहर निकलकर परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
पिता ने देखा खून से लथपथ कमरा
शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो कमरे में तीनों के शव पड़े मिले। आरोप है कि उस समय किशोर हथियार लेकर कमरे से बाहर निकल रहा था। बाद में वह घर की ऊपरी मंजिल पर चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह!
प्रारंभिक जांच में पुलिस को परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे विवाद की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि किराना दुकान और संपत्ति से जुड़े अधिकारों को लेकर दोनों भाइयों के बीच तनाव था। पुलिस सूत्रों के अनुसार बड़े भाई के गांव लौटने के बाद घर में विवाद बढ़ गया था। आरोपी को आशंका थी कि दुकान में उसका हिस्सा प्रभावित हो सकता है, जिससे परिवार में अक्सर कहासुनी होती थी।
यह भी पढ़ें: हिरासत से रिहा हुए देवेंद्र नाथ महतो, समर्थकों ने निकाला जुलूस
प्रत्यक्षदर्शी बनी नौ साल की बच्ची
घटना की एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी मृतक दंपति की नौ वर्षीय बेटी है। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसने अपने माता-पिता और छोटे भाई पर हमला होते देखा था। उसने आरोपी को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस बच्ची के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। तीन लोगों की एक साथ हत्या की इस घटना से पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

