Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा क्षेत्र में ठेका मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में मजदूर सेल जनरल ऑफिस के सामने एकत्र हुए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और गुवा सेल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार अमन का पुतला दहन किया।
मजदूरों की प्रमुख मांगें
यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो रात्रि पाली में खदान क्षेत्र जाने वाली बसों को रोक दिया जाएगा। मजदूरों की मुख्य मांगें इस प्रकार रहीं कोलकाता स्थित सेल गेस्ट हाउस में ठेका श्रमिकों के लिए बंद की गई चिकित्सा सुविधा बहाल की जाए। खदानों में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए। स्किल्ड और सेमी-स्किल्ड कर्मियों की सूची तैयार की जाए। ठेका कर्मियों को आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाए। स्थानीय अप्रेंटिस, इंजीनियरिंग और डिप्लोमा धारकों को बहाली में प्राथमिकता मिले। आसपास के गांवों के युवाओं को स्थानीय रोजगार में वरीयता दी जाए। प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
यह भी पढ़ें: जमुई में जंगली हाथियों का आतंक, घर तोड़े और फसलें रौंदी, ग्रामीणों में दहशत
प्रबंधन और यूनियन के बीच वार्ता
शुक्रवार देर रात यूनियन और सेल प्रबंधन के बीच लंबी वार्ता हुई। बातचीत के बाद प्रबंधन ने अधिकांश मांगों पर सहमति जताते हुए उन्हें जल्द लागू करने का आश्वासन दिया। साथ ही राजाबुरु खदान को शीघ्र शुरू करने और प्रभावित गांवों के लोगों को स्थानीयता के आधार पर रोजगार देने का वादा भी किया गया।
70 स्थानीय ग्रामीणों की मेडिकल जांच
फिलहाल खदान के ठेकेदार ‘मां सरला प्राइवेट वर्क’ द्वारा 70 स्थानीय ग्रामीणों की मेडिकल जांच कराई जा रही है, जिससे बहाली प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
आंदोलन समाप्त
प्रबंधन के आश्वासन के बाद यूनियन ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। प्रदर्शन में यूनियन के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ समेत बड़ी संख्या में ठेका मजदूर मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।