Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : सोमवार सुबह से ही जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद में मतदान का माहौल सक्रिय रहा। 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से जिले के कुल 67 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण रूप से शुरू हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी और डीसी रवि आनंद तथा एसपी राज कुमार मेहता खुद मैदान में उतरे और कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ पर तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के प्रमुख केंद्र
डीसी और एसपी ने जामताड़ा नगर पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय श्रीरामपुर, झारखंड राज्य विद्युत भवन, व्यापार मंडल, बाउरीपाड़ा, सहाना और गायछंद सहित कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा मिहिजाम नगर परिषद के मध्य विद्यालय हलुदकनाली सहित अन्य बूथों का भी दौरा किया।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा निकाय चुनाव 2026 : तीन बजे तक करीब 50 प्रतिशत मतदान
निष्पक्ष मतदान पर जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों और मतदान कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वोटिंग पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण हो। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की मदद सुनिश्चित करने, और 100 मीटर की निषेधाज्ञा का सख्ती से पालन कराने पर विशेष ध्यान दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
एसपी राज कुमार मेहता ने कहा कि मतदान केंद्रों के आसपास किसी भी अवैध गतिविधि या असामाजिक हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस बल सतर्क रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखेगा, ताकि मतदाता डर-भय के बिना मतदान कर सकें।
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
इस मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत और मिहिजाम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।