Samachar Post रिपोर्टर,गोड्डा :गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। तेलगामा के पास महागामा-ललमटिया मार्ग से गुजर रहा एक हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 40 फीट नीचे गिर गया और सीधे एनटीपीसी की डाउनलाइन एमजीआर ट्रैक पर जा पहुंचा। हादसे में चालक और उपचालक दोनों घायल हो गए। घटना के समय ट्रैक पर कोयला लोड करने जा रही एक रैक गुजर रही थी, जिससे कुछ देर के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महागामा की ओर से आ रहा हाइवा अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे ट्रैक पर जा गिरा। हादसा इतना तेज था कि आसपास अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने चालक की चीख-पुकार सुनकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में 22 साल की पूनम की संदिग्ध मौत से सनसनी
चालक बोगी के नीचे फंसा, उपचालक गाड़ी में अटका
हादसे के दौरान चालक लालू कुमार ट्रक से छिटककर ट्रेन की बोगी के नीचे फंस गए, जबकि उपचालक मनीष कुमार वाहन के केबिन में ही फंसे रहे। सूचना मिलते ही ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। चालक को सुरक्षित निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया। उपचालक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एनटीपीसी रेस्क्यू टीम ने किया रेस्क्यू
सुबह होते ही NTPC की रेस्क्यू टीम सुभाशीष बनर्जी के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मेहनत के बाद टीम ने केबिन में फंसे उपचालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों घायलों का इलाज जारी है।
रेल यातायात प्रभावित, जांच जारी
हादसे के बाद एमजीआर रेलखंड पर कुछ समय के लिए आवाजाही बाधित रही। प्रशासन और एनटीपीसी की टीम ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रैक को क्लियर कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा।
Reporter | Samachar Post