Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : गिरिडीह में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गिरिडीह–पचंबा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल जा रहे एक शिक्षक की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा पचंबा थाना क्षेत्र के वन विभाग कार्यालय के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि कार चला रहे शिक्षक मदन कुमार रत्न को गंभीर चोट नहीं आई।
तेज रफ्तार ने बढ़ाया खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह सड़क पर सामान्य आवाजाही थी। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (NL-01K-2778) ने कार (JH-11AS-6524) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। शिक्षक ने बताया कि ट्रक की गति काफी अधिक थी और टक्कर के बाद भी चालक ने ब्रेक नहीं लगाया। ट्रक कार को दाईं ओर से कुछ दूरी तक घसीटता ले गया।
यह भी पढ़ें: बजट सत्र में नया विवाद: सदन में डिप्टी सीएम का वीडियो वायरल
स्थानीय लोगों की तत्परता से टली अनहोनी
हादसे के बाद शिक्षक घबरा गए और कार का पिछला व दायां हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए कार का दरवाजा खोला और शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
ट्रक चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाया और यातायात सामान्य कराया। वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस छापेमारी कर रही है।
भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस सड़क पर अक्सर ट्रक और बड़े वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल और सख्त निगरानी की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।