Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। ईस्ट प्लांट बस्ती में बदमाशों ने टिंकू सिंह पर चापड़ से हमला कर दिया। इस हमले में टिंकू सिंह समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
अचानक हुए हमले से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात बस्ती में स्थिति सामान्य थी। तभी अचानक पहुंचे बदमाशों ने टिंकू सिंह पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। हमला इतना अचानक था कि लोग संभल भी नहीं पाए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो दोनों युवक खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
यह भी पढ़ें: झारखंड में बजट सत्र से पहले हलचल तेज, सीएम ने सत्ताधारी विधायकों की बुलाई अहम बैठक
स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए दोनों घायलों को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर है, लेकिन फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के कारण हमले की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वारदात के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।