Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में ड्रग्स नेटवर्क पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरी RPF और रांची फ्लाइंग स्क्वॉड की संयुक्त जांच में ट्रेन 13352 एक्सप्रेस (अल्लेप्पी–धनबाद) के सामान्य कोच से 13 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से धनबाद निवासी तस्कर मोहम्मद अरमान अंसारी (32) को हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें :जमशेदपुर में रंगदारी वसूली की बड़ी साजिश नाकाम, 3 युवक गिरफ्तार
संदिग्ध के बैग से 5 पैकेट गांजा
RPF मुरी के उपनिरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर प्लेटफॉर्म–1 पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान दो बैग के साथ कोच में संदिग्ध हालत में बैठे अरमान को रोका गया। पूछताछ और DD किट जांच में बैग से गांजा के 5 पैकेट, एक मोबाइल फोन और सामान्य रेलवे टिकट बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि गांजा ओडिशा के रायगढ़ा से लाया गया था और इसे झारखंड में अवैध रूप से बेचने की योजना थी। RPF ने जब्त सामग्री और तस्कर को GRP मुरी के हवाले कर दिया। कार्रवाई में ASI अनिल कुमार, प्रदीप और वी.एल. मीणा भी शामिल रहे।
RPF का साफ संदेश- रेलवे रूट पर नशे की तस्करी बर्दाश्त नहीं
RPF अधिकारियों ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल कर नशा सप्लाई करने वालों पर निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। झारखंड में ड्रग्स तस्करी रोकने की दिशा में इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post