लोहरदगा में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Meenu | December 17, 2025 | 02:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा :लोहरदगा में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़ किया है। 16 दिसंबर 2025 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसपी लोहरदगा के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किस्को वेदान्त शंकर कर रहे थे। छापामारी टीम ने लोहरदगा के दुपट्टा चौक के पास घेराबंदी कर अपाची मोटरसाइकिल (JH19F-3187) पर सवार दो संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान संदीप कुमार (24), निवासी करकट, लातेहार के पास से करीब 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

यह भी पढ़ें :पाकुड़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, 50 लाख की रंगदारी मांगने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार

नकदी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी के पास से 530 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे मो. अरशद अंसारी उर्फ कुंदन (47), निवासी अंजुमन मुहल्ला, लोहरदगा की तलाशी में एक की-पैड मोबाइल फोन मिला। बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अपाची मोटरसाइकिल सहित सभी सामानों को जब्त कर विधिवत सील कर दिया है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 233/2025 दिनांक 16 दिसंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। पुलिस तस्करी नेटवर्क और इसके स्रोतों की जांच में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें