शादी से दो दिन पहले सांप के डंसने से युवती की मौत, खुशियों वाला घर मातम में बदला

Meenu | June 21, 2026 | 04:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पश्चिमी सिंहभूम :झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। शादी से ठीक दो दिन पहले 25 वर्षीय युवती बिरसी मिंज की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई। परिवार की खुशियां पल भर में गहरे शोक में बदल गईं।

यह भी पढ़ें :JPSC की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल: APP रिजल्ट में पात्रता शर्तों के उल्लंघन का आरोप

देर रात सोते समय सांप ने डंसा

घटना मनोहरपुर प्रखंड के जराइकेला थाना क्षेत्र स्थित रबंगदा गांव की है। जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:30 बजे बिरसी मिंज अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान एक जहरीले पहाड़ी चित्ती सांप ने उसके बाएं हाथ पर डंस लिया। सांप के काटने के बाद युवती ने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग सांप को पकड़ने और मारने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह घर के अंदर कहीं छिप गया।

अस्पताल ले जाने में हुई देरी

परिजनों ने युवती को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय गांव के एक बैद्य के पास पहुंचाया। वहां झाड़फूंक और पारंपरिक तरीके से इलाज कराया गया। इस दौरान कई घंटे बीत गए और युवती की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। जब सुबह करीब 10 बजे उसकी स्थिति गंभीर हो गई, तब उसे मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन काफी देर हो चुकी थी। उपचार के दौरान ही युवती ने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता सुकरा मिंज ने बताया कि उनकी बेटी की शादी मंगलवार को तय थी। शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो गया था और शादी की रस्मों को लेकर उत्साह का माहौल था। लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस आंगन से कुछ ही दिनों में बेटी की विदाई होनी थी, वहां अब शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

गांव में शोक की लहर

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के होने वाले ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे। युवती की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सांप काटने की स्थिति में झाड़फूंक या घरेलू उपचार के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। समय पर एंटी-स्नेक वेनम (ASV) मिलने से कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें