- भारत तिब्बत संघ झारखंड ने राज्य के प्राचीन शिव मंदिरों के विकास की भी उठाई मांग
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भारत तिब्बत संघ, झारखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात कर रांची में कैलाश मानसरोवर भवन के निर्माण और रांची से द्वादश ज्योतिर्लिंगों तक प्रत्यक्ष रेल सेवा शुरू करने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ अधिवक्ता एके कश्यप और पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची में कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण आवश्यक है। साथ ही देश के विभिन्न ज्योतिर्लिंगों तक सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से झारखंड के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित प्राचीन और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े महादेव मंदिरों के संरक्षण, पुनरुद्धार और उन्हें पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी।
यह भी पढ़ें : झारखंड का पहला ‘मुस्कान’ सर्टिफाइड अस्पताल बना रांची सदर हॉस्पिटल
उनका कहना था कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस अवसर पर भारत तिब्बत संघ झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमिताभ पाण्डेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाल विभय नाथ शाहदेव, महामंत्री रवि प्रकाश तथा प्रवीण शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर उचित स्तर पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं और धार्मिक पर्यटन से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल के लिए संबंधित विभागों से चर्चा की जाएगी।