झारखंड का पहला ‘मुस्कान’ सर्टिफाइड अस्पताल बना रांची सदर हॉस्पिटल

Samachar Post | June 3, 2026
  • 96.61% स्कोर के साथ राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की बड़ी उपलब्धि, बाल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को मिली पहचान

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। रांची का सदर हॉस्पिटल भारत सरकार के नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत प्रतिष्ठित ‘मुस्कान क्वालिटी सर्टिफिकेशन’ प्राप्त करने वाला राज्य का पहला सरकारी अस्पताल बन गया है। राष्ट्रीय स्तर पर हुए मूल्यांकन में अस्पताल ने 96.61 प्रतिशत का उत्कृष्ट स्कोर हासिल कर सभी निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया। नेशनल हेल्थ सिस्टम्स रिसोर्स सेंटर (एनएचएसआरसी), नई दिल्ली की ओर से जारी पत्र के अनुसार 29 और 30 अप्रैल 2026 को एक्सटर्नल एसेसर्स की टीम ने सदर हॉस्पिटल का राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया था।

इस दौरान अस्पताल की विभिन्न सेवाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। मूल्यांकन में अस्पताल के बाल स्वास्थ्य विभागों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) को 98 प्रतिशत, पीडियाट्रिक वार्ड को 97.96 प्रतिशत और पीडियाट्रिक ओपीडी को 93.84 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए।

एनएचएम मिशन निदेशक ने दी बधाई

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा ने इस उपलब्धि पर सदर अस्पताल की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह न केवल रांची बल्कि पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अन्य जिलों के सदर अस्पतालों को भी इसी समर्पण और गुणवत्ता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें : पटेला फ्रैक्चर तकनीक व फ्लैपलेस लेसिक तकनीक पर व्याख्यान के बाद डॉ. बीपी व डॉ. भारती कश्यप सम्मालित

टीम वर्क का परिणाम

अस्पताल प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश िसंह के नेतृत्व के साथ-साथ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पारामेडिकल कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने कहा कि 96.61 प्रतिशत स्कोर के साथ मुस्कान सर्टिफिकेशन प्राप्त होना रांची और पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का लक्ष्य अब इस गुणवत्ता को लगातार बनाए रखना और राज्य के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणा बनना है, ताकि प्रत्येक बच्चे को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

क्या है ‘मुस्कान’ कार्यक्रम?

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड में आईईसी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. राहुल किशोर सिंह ने बताया कि ‘मुस्कान’ कार्यक्रम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नवजात और बच्चों के लिए सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बाल-अनुकूल स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें : RIMS में मीडिया की एंट्री पर नई पाबंदी, बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाने पर रोक

राष्ट्रीय मानकों पर खरी उतरी सेवाएं

मुस्कान सर्टिफिकेशन यह प्रमाणित करता है कि सदर हॉस्पिटल में बच्चों के उपचार, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता, मरीजों के अधिकारों के संरक्षण और ‘मेरा अस्पताल’ फीडबैक प्रणाली के तहत मरीज संतुष्टि का स्तर राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। यह उपलब्धि न केवल सदर हॉस्पिटल की गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि राज्य के अन्य सरकारी अस्पतालों के लिए भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं विकसित करने की दिशा में प्रेरणा का काम करेगी।

Share this news

संबंधित खबरें