पटेला फ्रैक्चर तकनीक व फ्लैपलेस लेसिक तकनीक पर व्याख्यान के बाद डॉ. बीपी व डॉ. भारती कश्यप सम्मालित

Samachar Post | June 3, 2026
  • ब्राजील अंतरराष्ट्रीय नेत्र सम्मेलन में रांची के डॉक्टरों ने साझा किए अपने अनुभव

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ. भारती कश्यप और डॉ. बीपी कश्यप ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। दोनों चिकित्सकों को दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील में आयोजित प्रतिष्ठित ब्राजीलियन सोसाइटी ऑफ कैटरेक्ट एंड रिफ्रैक्टिव सर्जरी (बीएससीआरएस) 2026 के वार्षिक सम्मेलन में गेस्ट स्पीकर के रूप में आमंत्रित किया गया। सम्मेलन में दोनों विशेषज्ञों ने तीन अलग-अलग मास्टर क्लास में आधुनिक नेत्र चिकित्सा और सर्जरी से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिया। उनकी प्रस्तुतियों को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और प्रतिभागियों ने काफी सराहा।

यह भी पढ़ें : RIMS में मीडिया की एंट्री पर नई पाबंदी, बिना अनुमति फोटो-वीडियो बनाने पर रोक

सम्मेलन के सर्जिकल वीडियो सत्र में रांची स्थित कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल द्वारा विकसित अत्यधिक कठोर मोतियाबिंद (एडवांस्ड हार्ड कैटरेक्ट) के इलाज की विशेष ‘पटेला फ्रैक्चर तकनीक’ का प्रदर्शन किया गया। इस तकनीक को दुनिया भर से आए नेत्र विशेषज्ञों ने प्रभावी और उपयोगी बताते हुए सराहना की। इसके अलावा डॉ. भारती कश्यप ने आधुनिक श्विंड अमारिस लेजर आधारित फ्लैपलेस लेसिक तकनीक पर भी विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। चिकित्सा शिक्षा और सर्जिकल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मेलन के दौरान डॉ. भारती कश्यप और डॉ. बी.पी. कश्यप को सम्मानित भी किया गया।

प्रेसिडेंशियल डिनर में मिला विशेष आमंत्रण

दोनों चिकित्सकों को सम्मेलन के सबसे प्रतिष्ठित कार्यक्रम प्रेसिडेंशियल डिनर में भी विशेष आमंत्रण दिया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न देशों से आए अग्रणी नेत्र विशेषज्ञों के साथ नई तकनीकों, शोध और भविष्य की चिकित्सा चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन से लौटने के बाद दोनों चिकित्सकों ने बताया कि ब्राजील में खेल, संगीत और संस्कृति के प्रति लोगों का विशेष जुड़ाव देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय चिकित्सकों की भागीदारी देश में विकसित चिकित्सा तकनीकों और शोध कार्यों की बढ़ती वैश्विक पहचान को दर्शाती है। कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल की इस उपलब्धि को झारखंड के चिकित्सा क्षेत्र के लिए भी बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें