- सैकड़ों लोगों ने लिया आयुर्वेदिक परामर्श और उपचार का लाभ, पंचकर्म व शिरोधारा का हुआ प्रदर्शन
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मोराबादी स्थित साई बालाजी आयुर्वेदिक पंचकर्म हॉस्पिटल ने अपनी चौथी वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर में हड्डी, नस, लिवर, जोड़ों, रीढ़, गर्दन और घुटने से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित सैकड़ों लोगों ने आयुर्वेदिक परामर्श और उपचार का लाभ उठाया। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही आयुर्वेद आधारित उपचार पद्धतियों की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में पंचकर्म और शिरोधारा जैसी आयुर्वेदिक उपचार विधियों का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा। हॉस्पिटल के प्रमुख वैद्य डॉ. ऋषि ने कहा कि वर्तमान समय में लोगों का रुझान प्राकृतिक और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की ओर बढ़ रहा है। उनका उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि आयुर्वेद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद न केवल बीमारियों के उपचार में बल्कि उन्हें रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
30 हजार से अधिक मरीजों का उपचार
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पिछले चार वर्षों में साई बालाजी आयुर्वेदिक पंचकर्म हॉस्पिटल में 30 हजार से अधिक मरीजों को उपचार और परामर्श प्रदान किया गया है। बेहतर सेवाओं और आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के कारण अस्पताल ने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीजों, उनके परिजनों और आयुर्वेद में रुचि रखने वाले लोगों ने भाग लिया। अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखने की बात कही।
Reporter | Samachar Post