Samachar Post रिपोर्टर,सरायकेला :जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लामनगर वार्ड संख्या-5 स्थित मजार लाइन के पास मंगलवार दोपहर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें :36 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग अधूरी, विस अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कार्यकर्ताओं को किया सतर्क
जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान हुआ विवाद
घायल अफसर नवाज़ ने बताया कि वह वार्ड संख्या-5 में अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ युवक निर्माण स्थल पर पहुंचकर कथित तौर पर रंगदारी की मांग कर रहे हैं। जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, जहां युवकों ने कथित रूप से निर्माण कार्य बंद करने या मांग पूरी करने की बात कही। विवाद बढ़ने के बाद फायरिंग की घटना हुई, जिसमें अफसर नवाज़ घायल हो गए।
घटनास्थल से मिले खोखे, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
लगातार आपराधिक घटनाओं से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से कपाली क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। हत्या, हमला और अन्य आपराधिक मामलों के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। मंगलवार की फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post