Samachar Post रिपोर्टर, पश्चिमी सिंहभूम: जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र स्थित खड़बंध गांव में अंधविश्वास के कारण एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। एक महीने के बीमार बेटे की बीमारी के लिए पड़ोसी महिला को जिम्मेदार मानते हुए आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हड़िया पिलाने के बहाने घर से ले गया
जानकारी के अनुसार, खड़बंध गांव के गोप टोला निवासी 45 वर्षीय शरू गोप रविवार शाम अपने घर पर थीं। आरोप है कि गांव का ही रहने वाला पुंडुवा सिंकू उन्हें हड़िया पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। जब देर रात तक शरू गोप घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान वे आरोपी के घर भी पहुंचे और पूछताछ की। आरोपी ने परिजनों को बताया कि कुछ देर बातचीत के बाद महिला अपने घर लौट गई थी।
झाड़ियों में मिला शव
सोमवार सुबह गांव का एक युवक तालाब के पास शौच के लिए गया था। इसी दौरान झाड़ियों में उसे खून से लथपथ एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान शरू गोप के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के एक महीने के बेटे की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। आरोपी को शक था कि महिला ने उसके बच्चे पर ‘डायन-बिसाही’ का असर किया है। इसी अंधविश्वास के चलते उसने कथित रूप से हत्या की साजिश रची।
यह भी पढ़ें: पटना में बनेगा मॉडर्न लॉजिस्टिक्स पार्क, ट्रैफिक जाम से राहत के साथ बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुंडुवा सिंकू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।