सरायकेला-खरसावां में चला सड़क सुरक्षा अभियान, 200 से अधिक वाहनों की जांच

Rupa Kumari | June 26, 2026 | 04:21 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला-खरसावां पुलिस ने शुक्रवार को विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम ने कांड्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर सघन जांच की। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना था। जांच के दौरान कांड्रा चौक से लेकर सरायकेला तक विभिन्न स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनकी जांच की गई।

ब्रेथ एनालाइजर से हुई जांच

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से जांच की। अभियान के दौरान 200 से अधिक वाहनों की जांच की गई। जांच में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। लोगों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई।

यह भी पढ़ें: मुहर्रम के मद्देनजर 27 जून को रांची के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन का आदेश

आगे भी जारी रहेगा अभियान

यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित रूप से वाहन जांच कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें