Samachar Post रिपोर्टर, साहेबगंज : जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राधानगर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई में 7.88 ग्राम प्रतिबंधित MDMA ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान पहाड़गांव निवासी 23 वर्षीय फिरोज शेख के रूप में हुई है। राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 6 जून को पुलिस अधीक्षक को उधवा ओवरब्रिज के पास अवैध रूप से नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी
गठित टीम ने उधवा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी की मौजूदगी में राधानगर थाना पुलिस के साथ मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.88 ग्राम MDMA बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें: वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार केंद्र सरकार की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य मनोनीत
NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी फिरोज शेख को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ राधानगर थाना में कांड संख्या 198/26 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर आगे और खुलासे हो सकते हैं।
अभियान में शामिल रहे ये अधिकारी
छापेमारी टीम में उधवा के अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, पंकज कुमार दुबे, सुनील कुमार मेहता, हवलदार प्रहलाद मेहरा, आरक्षी दुलारचंद यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय नशीले पदार्थों के कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।