Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मांडर थाना क्षेत्र में युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के लिव-इन पार्टनर की भूमिका भी जांच के दायरे में है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
रातभर चली छापेमारी, 8 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता ने बताया कि वह पिछले लगभग दो वर्षों से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब डेढ़ महीने पहले युवक रोजगार के सिलसिले में केरल चला गया था। उसके बाद भी दोनों के बीच नियमित बातचीत होती रही और युवती उसी घर में रह रही थी।
जबरन ले जाने और सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार शाम कुछ युवक उसके घर पहुंचे और कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ ले गए। आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकाया गया और बाद में सुनसान स्थान तथा नदी किनारे ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया और अगले दिन सुबह छोड़ा गया। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता उसे लेकर मांडर थाना पहुंचे, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: कुएं में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम
जांच में सामने आया नया एंगल
पुलिस जांच में पीड़िता के लिव-इन पार्टनर की भूमिका को लेकर भी संदेह जताया गया है। जांच एजेंसियां मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना के पीछे कोई साजिश थी या नहीं। पुलिस ने अभी इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है और जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।