रामगढ़ सड़क हादसा: किसी की एक माह पहले हुई थी शादी, कोई तीन महीने पहले बना था पिता, आठ परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

Meenu | June 26, 2026 | 12:24 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने आठ परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बैंड-ताशा दल से जुड़े थे और मुहर्रम के अवसर पर बिहार के मुजफ्फरपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में बारलौंग के पास उनकी सवारी गाड़ी को कोयला लदे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस और मृतकों के घरों में मातम पसरा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अधिकांश मृतक अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनके निधन से परिवारों के सामने रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो गया है।

यह भी पढ़ें :सिमडेगा में मुहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, SP ने किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

एक महीने पहले हुई थी हेमंत की शादी

हादसे में जान गंवाने वाले हेमंत कुमार महतो की शादी करीब एक माह पहले ही हुई थी। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम घर से निकलते समय उन्होंने कहा था कि कार्यक्रम खत्म कर शनिवार तक लौट आएंगे। लेकिन यह उनकी अंतिम विदाई साबित हुई। हादसे की खबर मिलते ही उनकी पत्नी और मां की तबीयत बिगड़ गई। मृतक अनोद कुमार करीब तीन महीने पहले दूसरी बार पिता बने थे। उनके परिवार में चार साल की एक बेटी और तीन महीने का बेटा है। परिजनों का कहना है कि बैंड-ताशा बजाकर ही वह पूरे परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पवन की दो साल पहले हुई थी शादी

हादसे में जान गंवाने वाले पवन करमाली की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उनकी अभी कोई संतान नहीं थी। काम के सिलसिले में घर से निकले पवन के वापस नहीं लौटने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। डेविड करमाली अविवाहित थे। परिजनों ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मुजफ्फरपुर में मुहर्रम कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।

छह रामगढ़ और दो हजारीबाग के थे निवासी

जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में छह लोग रामगढ़ और दो हजारीबाग जिले के निवासी थे। सभी शुक्रवार को मुहर्रम जुलूस में बैंड-ताशा बजाने के लिए बिहार जा रहे थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे के बाद पूरे रामगढ़ और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

Share this news

संबंधित खबरें