रजरप्पा मंदिर में दर्शन के दौरान बवाल, लाइन में आगे-पीछे होने पर श्रद्धालुओं के बीच मारपीट

Meenu | June 29, 2026 | 10:18 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :झारखंड के प्रसिद्ध रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में सोमवार को दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं के बीच लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई, जिसके बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहार और हजारीबाग से आए श्रद्धालु दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसों से हमला करने लगे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

मंदिर परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद सभी संबंधित लोगों को रजरप्पा थाना ले जाया गया, जहां दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित माफीनामा लिया और उन्हें वापस भेज दिया। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

दर्शन व्यवस्था हुई प्रभावित

मारपीट की घटना के कारण कुछ समय के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई। हालांकि पुलिस की तत्परता से हालात जल्द सामान्य हो गए और श्रद्धालुओं का दर्शन सुचारु रूप से शुरू करा दिया गया।

Share this news

संबंधित खबरें