Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :जिले के सिरका स्थित सीसीएल चेकपोस्ट पर शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना में तैनात सीसीएल गार्ड अनिल और एक होमगार्ड जवान सुरक्षित बच गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात बाइक सवार दो अपराधी चेकपोस्ट के पास पहुंचे। इनमें से एक ने अपना चेहरा ढक रखा था। बदमाश ने चेकपोस्ट की ओर कई राउंड फायरिंग की, जबकि दूसरा बाइक स्टार्ट कर इंतजार करता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। भागते समय भी उन्होंने सड़क पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें :SIS विस्तार पर 1 जुलाई को SLC की बैठक, गृह विभाग में होगी अहम चर्चा
लेवी वसूली की आशंका से जांच
पुलिस इस घटना को लेवी (रंगदारी) से जोड़कर भी देख रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ डीएसपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Reporter | Samachar Post

