Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने शनिवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर राज्य के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड और निजी नर्सिंग होमों की कथित मनमानी का मुद्दा उठाया। सांसद ने इस घटना को गंभीर बताते हुए इसे “नरसंहार” करार दिया और दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और इसकी उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।
राज्यपाल से कार्रवाई का आश्वासन
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि राज्यपाल ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। लालू-राबड़ी परिवार की सुरक्षा में कटौती को लेकर पूछे गए सवाल पर पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए ऐसे विवाद खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रभावशाली लोगों को उच्च स्तरीय सुरक्षा दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी नेताओं की सुरक्षा घटाई जा रही है, जो उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें: बीजेपी ने पवन सिंह को बनाया एमएलसी उम्मीदवार, बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज
शिक्षा क्षेत्र के मुद्दे पर भी बोले
इसी दौरान उन्होंने खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा देने वाले लोगों को अपराधी की तरह नहीं देखा जाना चाहिए और कानून को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए। पप्पू यादव ने जोर देकर कहा कि देश में शिक्षा, महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है, न कि राजनीतिक विवादों पर।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।