Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर गम्हरिया गांव के समीप हुई, जहां एक ऑटो और बोरवेल ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो में दो बच्चों समेत कुल आठ लोग सवार थे और अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया गांव के पास सामने से आ रहे बोरवेल ट्रक से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
यह भी पढ़ें :रांची में देर रात पुलिस का मेगा अभियान, सड़कों पर उतरे सिटी, रूरल और ट्रैफिक एसपी
गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने तोड़ा दम
हादसे में गोरयाथान निवासी 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान उनका पैर कटकर अलग हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पांच घायलों की हालत नाजुक
इस दुर्घटना में समसुन बीबी (65), पीर मोहम्मद (35), समीरा खातून (30), लालदेव (36) और सरिता देवी (54) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें समसुन बीबी और पीर मोहम्मद की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं 10 वर्षीय अभिषेक कुमार समेत दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि दोनों बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post