रांची में देर रात पुलिस का मेगा अभियान, सड़कों पर उतरे सिटी, रूरल और ट्रैफिक एसपी

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने रविवार देर रात व्यापक अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर शहरभर में एक साथ एंटी क्राइम चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव अभियान संचालित किया गया। इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में सघन जांच की गई। अभियान की विशेषता यह रही कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरकर अभियान की निगरानी करते नजर आए। पारस राणा, रूरल एसपी गौरव गोस्वामी और राकेश सिंह ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जांच अभियान का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शहरभर में लगाए गए चेकिंग प्वाइंट

अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में अस्थायी चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई वाहनों की डिक्की और सामानों की भी तलाशी ली गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात के समय होने वाली आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: रांची के पूर्व सिटी एसपी विद्यानंद मिश्र का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर मशीन की सहायता से वाहन चालकों की जांच की। देर रात विभिन्न स्थानों पर वाहनों को रोककर चालक की स्थिति का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लोगों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह नशे की हालत में वाहन चलाना है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

संदिग्ध लोगों से भी हुई पूछताछ

अभियान के दौरान देर रात बिना स्पष्ट कारण घूम रहे कई लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने उनकी पहचान और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके अलावा होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों के आसपास भी विशेष निगरानी रखी गई। रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share this news

संबंधित खबरें