Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के पूर्व सिटी एसपी और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी विद्यानंद मिश्र का निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। उन्होंने सोमवार को मोरहाबादी स्थित कुसुम विहार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। विद्यानंद मिश्र मूल रूप से हरिहरपुर के रहने वाले थे और पुलिस सेवा में अपने लंबे अनुभव तथा अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। वह डीआईजी (उप महानिरीक्षक) रैंक से सेवानिवृत्त हुए थे। विद्यानंद मिश्र 1980 के दशक में रांची के सिटी एसपी के पद पर भी कार्यरत रहे। उस दौर में उन्होंने राजधानी की कानून-व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस विभाग में उनकी पहचान एक कुशल और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में रही।
आज निकलेगी अंतिम यात्रा
परिजनों के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा सोमवार सुबह 11 बजे मोरहाबादी स्थित कुसुम विहार आवास से हरमू मुक्तिधाम के लिए निकलेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पुत्र दीपक मिश्र मीडिया क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और एक समाचार पत्र में कार्यरत हैं। पूर्व आईपीएस अधिकारी के निधन की खबर के बाद पुलिस महकमे, प्रशासनिक अधिकारियों और उनके परिचितों के बीच शोक की लहर है। कई लोगों ने उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
यह भी पढ़ें: रांची में अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा का सम्मान समारोह, सामाजिक एकता और संगठन सशक्तिकरण पर जोर
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।