Samachar Post रिपोर्टर, रांची: केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2024 के आधार पर चयनित भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों की कैडर आवंटन सूची जारी कर दी है। देशभर के 147 सफल अभ्यर्थियों को उनकी रैंक, श्रेणी और कैडर वरीयता के आधार पर विभिन्न राज्यों में तैनाती दी गई है। इस सूची में झारखंड को छह नए IPS अधिकारी मिले हैं, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
झारखंड कैडर में छह अधिकारियों की नियुक्ति
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार झारखंड कैडर पाने वाले छह अधिकारियों में दो झारखंड के मूल निवासी हैं, जबकि चार अन्य राज्यों से यहां अपनी सेवाएं देने आएंगे। झारखंड कैडर पाने वाले अधिकारियों में करन कुमार (रैंक 174) और सौरभ राजेंदु (रैंक 199) झारखंड से हैं। वहीं दिल्ली के काबिल भार्गव (रैंक 122) और पुलकित बंसल (रैंक 155), उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह (रैंक 168) तथा राजस्थान के कर्मवीर नरवाडिया (रैंक 795, एससी श्रेणी) को भी झारखंड कैडर आवंटित किया गया है। कैडर आवंटन सूची में झारखंड के सफल अभ्यर्थी राज कुमार महतो का नाम भी शामिल है। हालांकि कैडर नीति के तहत उन्हें झारखंड की बजाय केरल कैडर आवंटित किया गया है। अब वे केरल में IPS अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
यह भी पढ़ें: राबड़ी आवास विवाद पर मंत्री लेशी सिंह का बड़ा बयान, बोलीं- हर हाल में खाली करना होगा बंगला
देशभर में 147 अधिकारियों का कैडर आवंटन
गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची के मुताबिक इस वर्ष कुल 147 IPS अधिकारियों को विभिन्न राज्यों और संयुक्त कैडरों में तैनाती दी गई है। कैडर आवंटन प्रक्रिया रैंक, आरक्षण श्रेणी और उम्मीदवारों की प्राथमिकताओं के आधार पर पूरी की गई। राज्यों के हिसाब से उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक 17 नए IPS अधिकारी मिले हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल को 12, असम-मेघालय को 9, आंध्र प्रदेश को 9 और मध्य प्रदेश को 9 अधिकारियों का आवंटन हुआ है। झारखंड को कुल 6 नए IPS अधिकारी मिले हैं।
टॉप रैंकर्स को मिला पसंदीदा कैडर
कैडर सूची में शामिल शीर्ष रैंक वाले अधिकारियों में बी. शिवाचंद्रन (रैंक 23) को तमिलनाडु कैडर और वैभव सिंह (रैंक 82) को उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित किया गया है। नए अधिकारियों के आने से झारखंड पुलिस को युवा नेतृत्व मिलेगा, जो भविष्य में विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में अहम जिम्मेदारियां संभालेंगे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।