जमशेदपुर में कान्वाई चालक की हत्या, पत्नी से अवैध संबंध के शक में आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 10, 2026 | 04:14 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने कान्वाई चालक की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव निवासी मोहन सोरेन के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार आरोपी का नाम जयराम मुर्मू बताया गया है।

स्टील की देगची से हमला कर की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी जयराम मुर्मू को अपनी पत्नी और मोहन सोरेन के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी शक में उसने मोहन सोरेन पर स्टील की देगची से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सिर पर लगातार कई वार किए जाने से मोहन सोरेन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी ने कबूला हमला करने की बात

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह अवैध संबंध का शक प्रतीत हो रही है। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और खून से सनी स्टील की देगची बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मंगलवार रात ड्यूटी से घर लौटा था। घर पहुंचने पर उसने मोहन सोरेन को अपनी पत्नी के साथ देखा, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने हमला कर दिया।

घटना के दौरान बच्चों को लेकर घर से निकली पत्नी

आरोपी के अनुसार घटना के समय उसकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर से बाहर चली गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहन सोरेन का आरोपी के घर आना-जाना था और वह आरोपी की पत्नी को रिश्ते में “मामी” कहकर संबोधित करता था। ग्रामीणों के मुताबिक, अवैध संबंध के शक को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। मंगलवार रात यही विवाद हिंसक रूप ले बैठा।

यह भी पढ़ें: करंट से झुलसे टेक्नीशियन की मौत के बाद टाटानगर स्टेशन पर बवाल, मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन; रेल पुलिस का लाठीचार्ज

पत्नी ने अवैध संबंध के आरोपों को नकारा

वहीं आरोपी की पत्नी सविता मुर्मू ने पुलिस को दिए बयान में अवैध संबंध के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि घटना के समय घर में सभी लोग सो रहे थे। इसी दौरान उनके पति घर पहुंचे और मोहन सोरेन पर हमला कर दिया। सविता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद वह दोनों बच्चों को लेकर वहां से चली गईं। उन्होंने बताया कि सुबह लौटने पर उन्हें मोहन सोरेन की मौत की जानकारी मिली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें