Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के धुर्वा स्थित JSCA स्टेडियम में मंगलवार रात झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले के दौरान अव्यवस्था के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में 22 क्रिकेट प्रेमी घायल हो गए, जिनमें सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मुफ्त प्रवेश बना भीड़ बढ़ने की वजह
फाइनल मुकाबले में दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया था। इसके चलते अनुमान से कहीं अधिक संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों को प्रवेश नहीं मिल सका, जिससे गेटों पर भारी दबाव बन गया और नाराजगी बढ़ती गई। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
तीनों गेटों पर उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था हुई फेल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्टेडियम के नॉर्थ, वेस्ट और साउथ गेट पर हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए थे। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं थे। बढ़ते दबाव के कारण कई जगहों पर बैरिकेडिंग टूट गई, जबकि कुछ प्रवेश द्वारों को भी नुकसान पहुंचा। पीछे से लगातार बढ़ती भीड़ के कारण कई लोग गिर पड़े और घायल हो गए।

एमएस धोनी के आने की अफवाह ने बढ़ाई परेशानी
घटना के पीछे सोशल मीडिया पर फैली एक अफवाह को भी बड़ी वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के स्टेडियम पहुंचने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। इस अफवाह के चलते बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक स्टेडियम पहुंच गए, जबकि आयोजकों को इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी।
पुलिस और आयोजकों के बीच समन्वय की कमी
सूत्रों के अनुसार आयोजन समिति और जिला प्रशासन के बीच पर्याप्त समन्वय नहीं था। इसके कारण जरूरत के मुताबिक पुलिस बल की तैनाती नहीं हो सकी। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान सुरक्षा कर्मियों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की भी चर्चा है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
वाहनों को नुकसान, घायलों का मौके पर इलाज
हंगामे के दौरान स्टेडियम परिसर में खड़ी कई बाइक और कारों को नुकसान पहुंचा। वहीं मेडिकल पार्टनर राज हॉस्पिटल की टीम ने मौके पर ही कई घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। गंभीर रूप से घायल लोगों को आगे के इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
JSCA अध्यक्ष ने दी सफाई
घटना के बाद JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि 10 जून से लीग के मुकाबले आयोजित किए जा रहे थे, लेकिन पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में दर्शक नहीं पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबले में अप्रत्याशित भीड़ के कारण हालात बिगड़ गए। उनके अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना ने आयोजन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Reporter | Samachar Post

