दो दिन की राहत के बाद फिर बढ़ी गर्मी, 11 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

Rupa Kumari | June 1, 2026 | 10:52 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में दो दिनों तक हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब मौसम ने फिर करवट ले ली है। सोमवार सुबह से तेज धूप निकलने के कारण राजधानी रांची समेत कई जिलों में उमस और गर्मी का असर बढ़ गया। बारिश थमने के साथ ही तापमान में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटों की तुलना में 4.2 डिग्री अधिक है। हालांकि हाल के दिनों में हुई लगातार बारिश के कारण तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे लोगों को काफी राहत मिली थी।

डालटनगंज सबसे गर्म

राज्य में सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव में सर्वाधिक 39.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं राजधानी रांची में 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन धूप निकलने के बाद गर्मी का असर फिर बढ़ गया।

यह भी पढ़ें: रांची में देर रात पुलिस का मेगा अभियान, सड़कों पर उतरे सिटी, रूरल और ट्रैफिक एसपी

आज फिर बिगड़ सकता है मौसम

मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार वातावरण में मौजूद नमी और अन्य मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज के साथ बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर वज्रपात की संभावना जताई गई है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि आंधी-तूफान और बारिश के समय खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की भी सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। हालांकि बीच-बीच में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को गर्मी और बदलते मौसम दोनों के लिए तैयार रहने की जरूरत है।

Share this news

संबंधित खबरें