Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित ओलिडीह की खड़िया बस्ती में देर रात हुई एक शराब पार्टी खूनी वारदात में बदल गई। पार्टी के दौरान चली गोली में 30 वर्षीय युवक देवदास गौड़ की मौत हो गई। गर्दन में गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार, देवाशीष पोद्दार और नीरज प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ी सामग्री और एक थार वाहन भी जब्त किया है।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खड़िया बस्ती में मौजूद लोग देर रात शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान देवदास गौड़ और देवाशीष पोद्दार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने पर देवाशीष ने देसी कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली देवदास की गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: गुमला में 7 वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी, जंगल से मिला शव; शरीर पर मिले गहरे जख्म
अस्पताल में भी संदिग्ध हरकतें
गोली लगने के बाद घायल युवक को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पुलिस के अनुसार आरोपी वहां से निकलने की कोशिश कर रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तत्काल तीनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को लेकर अलग-अलग बयान दिए, लेकिन सख्ती के बाद गोली चलने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने देवाशीष की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कट्टा भी बरामद कर लिया। जांच के दौरान जब्त थार वाहन से जमीन से जुड़े कुछ दस्तावेज मिले हैं। इसके बाद पुलिस अब इस मामले को जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के नजरिए से भी खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि घटना सिर्फ शराब पार्टी में हुए झगड़े का नतीजा नहीं भी हो सकती है।

निजी कंपनी में कार्यरत था मृतक
मृतक देवदास गौड़ सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर का रहने वाला था और आदित्यपुर स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। बुधवार सुबह अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

