Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : करणी सेना के युवा नेता हिमांशु कुमार सिंह की मौत के बाद सोमवार रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर गोलचक्कर पर भारी हंगामा और तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई और स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे अधिकारियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। हिमांशु सिंह की शनिवार रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए चाकूबाजी कांड में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मौत की खबर फैलते ही समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा और बिष्टुपुर गोलचक्कर पर प्रदर्शन शुरू हो गया।
उग्र भीड़ ने SP की गाड़ी को बनाया निशाना
रात करीब 10:30 बजे हालात का जायजा लेने पहुंचे सिटी एसपी की गाड़ी पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन समेत कई अन्य गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग के एक पूर्व अधिकारी की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई। स्थिति को देखते हुए शहर के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
तीन पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी
घटना के बाद परिजनों और प्रशासन के बीच कई दौर की बातचीत हुई। वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद एएसआई रतन कुमार दास, एएसआई राजेश कुमार रंजन और जवान मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि परिजन शुरुआती कार्रवाई से संतुष्ट नहीं दिखे। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।

भाजपा नेता समेत 11 लोगों पर केस
मामले में बिष्टुपुर थाना में डबल डाउन बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह सहित 11 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के पिता अरविंद सिंह के बयान पर दर्ज एफआईआर में कई अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
कैसे हुई घटना?
प्रारंभिक जांच के अनुसार, शनिवार रात बार के अंदर कथित छेड़खानी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्युष आनंद बीच-बचाव के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि बाद में कुछ युवकों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं घायल प्रत्युष आनंद का इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: रांची के सरकारी फार्मेसी संस्थान में अब होगी बी-फार्मा की पढ़ाई, अगले सत्र से 60 सीटों पर दाखिले को मिली मंजूरी
पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल
घटना का कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इन आरोपों की जांच का आश्वासन दिया है। हिमांशु सिंह करणी सेना के सरायकेला युवा जिलाध्यक्ष थे और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। करीब एक वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। उनकी असमय मौत से परिवार, मित्रों और समर्थकों में शोक की लहर है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

