Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और चेन स्नैचिंग के आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, छिनतई गिरोह के सरगना बताए जा रहे जसप्रीत सिंह उर्फ गबरू को बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने कथित रूप से पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चेन स्नैचिंग मामले में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम सिदगोड़ा थाना पुलिस ने एक महिला से चेन छीनकर भाग रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान जसप्रीत उर्फ गबरू ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और छीने गए गहने उसने कचरा डिपो क्षेत्र में छिपाकर रखे हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे उसे लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां से बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस का दावा- पिस्टल छीनकर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान गबरू ने अचानक एक पुलिस पदाधिकारी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस जवानों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल आरोपी का चल रहा इलाज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी और एएसपी सहित टेल्को, सीतारामडेरा, गोलमुरी, बर्मामाइंस, बिष्टुपुर, बिरसानगर और कदमा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य भी जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: लोहरदगा में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: स्लाइन लगी गर्भवती को स्कूटी पर ले जाने का वीडियो वायरल
सुरक्षा चूक और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पुलिसकर्मी की पिस्टल तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। साथ ही आरोपी की अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

