गिरिडीह में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 4000 किलो जावा महुआ नष्ट, 300 लीटर महुआ शराब जब्त

Meenu | June 29, 2026 | 03:54 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में जावा महुआ और अवैध शराब बरामद की। छापेमारी के दौरान करीब 4000 किलोग्राम जावा महुआ नष्ट किया गया, जबकि 300 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराहमोरिया गांव में छापेमारी की गई। अभियान का नेतृत्व उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम और पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। टीम ने अलग-अलग घरों और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली, जहां शराब निर्माण के लिए बड़ी मात्रा में जावा महुआ संग्रहित मिला।

यह भी पढ़ें :1 जुलाई को होगा नए सूचना आयुक्तों का शपथ ग्रहण, राजभवन में आयोजित होगा समारोह

मौके पर नष्ट किया गया जावा महुआ

छापेमारी के दौरान बरामद लगभग 4000 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा बिक्री और आपूर्ति के लिए तैयार करीब 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब को जब्त कर लिया गया। संयुक्त टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में पुलिस सहायक अवर निरीक्षक *लक्ष्मण महतो, राधेश्याम झा, पुलिस बल और गृह रक्षक बल के जवान भी शामिल रहे।

Share this news

संबंधित खबरें