गोड्डा में मुखिया पर दिनदहाड़े फायरिंग, सिर के ऊपर से गुजरी दो गोलियां, बाल-बाल बचे

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 04:17 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा : गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बांझी रोड पर अज्ञात हमलावरों ने एक मुखिया पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया। बाइक सवार तीन अपराधियों ने मुखिया अनुपम भगत को निशाना बनाकर फायरिंग की, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मुखिया अनुपम भगत अपने बांझी स्थित आवास से बाइक पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान बांझी रोड पर स्थित एक अवैध शराब अड्डे के समीप पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की, लेकिन दोनों गोलियां उनके सिर के ऊपर से गुजर गईं और उनकी जान बच गई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पोड़ैयाहाट बाजार और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

घटना के कुछ ही समय बाद मामले के एक आरोपी नयन यादव ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। नयन यादव पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के द्रोपद गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में नयन यादव के अलावा अंकित यादव और विकास यादव की भी संलिप्तता सामने आई है। आत्मसमर्पण करने वाले आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ समय पहले शैलेंद्र भगत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में आरोपी अंकित यादव के खिलाफ मुखिया अनुपम भगत ने गवाही दी थी। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि उसी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

बाजार बंद कर लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। नाराज लोगों ने पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार बंद करा दिया और सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। लोगों का कहना है कि पोड़ैयाहाट क्षेत्र में पहले भी कई बार गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के संकेत? सरयू राय के बयान से बढ़ी राजनीतिक हलचल

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पोड़ैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों ने मुखिया अनुपम भगत और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली। घटनास्थल की जांच के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

मुखिया ने सुनाई आपबीती

मुखिया अनुपम भगत ने बताया कि वह अपने घर से बाइक पर निकले थे, तभी बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। उन्होंने कहा, दोनों गोलियां मेरे सिर के ऊपर से गुजर गईं। ईश्वर की कृपा से मेरी जान बच गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें