रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, धनबाद से आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 18, 2026 | 02:34 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी खुद को डीआरएम कार्यालय का कर्मचारी बताकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देता था और उनसे मोटी रकम वसूलता था। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आरोपी को हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पाथरडीह थाना क्षेत्र के भाटडीह निवासी मंटू कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह लंबे समय से रेलवे में नौकरी दिलाने का दावा कर लोगों को अपने जाल में फंसा रहा था।

दो लोगों से लाखों रुपये ऐंठने का आरोप

मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने वर्द्धमान निवासी कल्पना राय से रेलवे की वेंडिंग मशीन में टिकट जारी करने की नौकरी दिलाने का वादा कर करीब 1.50 लाख रुपये लिए थे। वहीं, जमुई निवासी सूरज भान ठाकुर से भी नौकरी दिलाने के नाम पर 18,700 रुपये वसूले गए। पुलिस को आशंका है कि ठगी के और भी कई मामले सामने आ सकते हैं।

डीआरएम कार्यालय में पहुंचा तो खुल गई पोल

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम आरोपी एक अन्य युवक को नौकरी दिलाने के बहाने डीआरएम कार्यालय लेकर पहुंचा था। इस दौरान युवक को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और उसने तत्काल आरपीएफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें: नगरनौसा डिग्री कॉलेज विवाद ने लिया उग्र रूप, प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, पथराव के बाद लाठीचार्ज

पूछताछ में स्वीकार किया पैसे लेने की बात

आरपीएफ की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लिए थे। उसने बताया कि उसका परिवार पूजा सामग्री की दुकान चलाता है और आर्थिक तंगी के कारण उसने यह रास्ता अपनाया। हालांकि पुलिस उसके दावों की सत्यता की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस ठगी के पीछे कोई संगठित गिरोह या बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।

Share this news

संबंधित खबरें